Connect with us

उत्तराखण्ड

रामनगर में लगा बहुउद्देशीय जन-शिविर, 183 शिकायतें दर्ज — कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण

रामनगर में लगा बहुउद्देशीय जन-शिविर, 183 शिकायतें दर्ज — कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण

रामनगर, 11 फरवरी 2026। प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक एक ही स्थान पर पहुंचाने के उद्देश्य से चल रहे “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत रामनगर के उत्कृष्ट पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की, जो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित हुआ।

183 शिकायतें, कई का मौके पर समाधान

शिविर में बिजली, सड़क, पेयजल, पार्किंग, कूड़ा निस्तारण, अतिक्रमण और सिंचाई से जुड़ी 183 शिकायतें दर्ज हुईं। अधिकारियों ने कई मामलों का तत्काल निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों को विभागीय कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया।

प्राधिकरण पर शिकायत, सिंगल विंडो सिस्टम पर जोर

स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों के कार्यशैली को लेकर शिकायत उठी। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त हिदायत देते हुए पुराने मकानों की मरम्मत को केवल सूचना आधार पर दर्ज करने तथा व्यावसायिक निर्माण को सिंगल विंडो सिस्टम से कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्राधिकरण कर्मियों की नियमित क्षेत्रीय मॉनिटरिंग तय की गई।

नशे के कारोबार पर सख्ती के निर्देश

अवैध नशे की शिकायतों पर डीएम ने पुलिस, आबकारी व एलआईयू अधिकारियों के साथ बैठक कर सप्लाई चेन तोड़ने, बड़े सप्लायरों को पकड़ने और लगातार संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिक्षा, सड़क और सिंचाई पर फैसले

प्राथमिक स्कूल खताड़ी में शिक्षकों की कमी की शिकायत पर शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए। ट्राइबल क्षेत्रों में सड़क निर्माण प्रस्ताव टीएसपी योजना में भेजने को कहा गया। कोसी नदी में भू-कटाव रोकने हेतु मानसून पूर्व ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन की तैयारी करने को सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया।

बिजली, अतिक्रमण और सड़क सुरक्षा

झूलते बिजली तारों की समस्या पर शहरभर में संयुक्त टीम बनाकर कार्यवाही के आदेश दिए गए। नहरों और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेज करने तथा काशीपुर-रामनगर मार्ग के ब्लैक स्पॉट्स पर हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर में सेवाओं की झलक

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 222 लोगों का उपचार किया, आयुर्वेदिक विभाग ने 62, होम्योपैथिक विभाग ने 32 मरीजों को दवा दी। नगर पालिका ने 21 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए। कृषि, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग ने भी योजनाओं की जानकारी व लाभ वितरण किया।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हुआ, उन्हें सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए।
शिविर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, चेयरमैन हाजी मोहम्मद अकरम, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page