उत्तराखण्ड
नई कमान, सख्त फरमान: दिन-रात चेकिंग और ढीले कर्मियों पर गाज
देहरादून। नए एसएसपी ने पदभार संभालते ही पहली बैठक में सख्त रुख दिखाया और साफ संकेत दे दिए कि अब ड्यूटी में ढिलाई, लापरवाही और जनता से दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारीयों के साथ हुई गोष्ठी में दिन-रात प्रभावी चेकिंग, भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की बढ़ी हुई मौजूदगी और सत्यापन अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कहा गया कि सभी थाना क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए और मुख्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाई जाए। साथ ही नगर और देहात क्षेत्रों में संयुक्त टीमें बनाकर बाहरी व्यक्तियों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाने को कहा गया है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने की हिदायत दी गई है।
जनता से जुड़े व्यवहार को लेकर भी सख्त संदेश दिया गया है। स्पष्ट निर्देश है कि आमजन के प्रति संयमित और मर्यादित व्यवहार रखा जाए, और दुर्व्यवहार की किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बैठक में यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस को आपसी समन्वय के साथ ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर की जाम और अव्यवस्था की पुरानी समस्या पर कुछ नियंत्रण लगाया जा सके।
हालांकि सवाल यह है कि क्या सिर्फ बैठकों और निर्देशों से जमीन पर हालात बदल पाएंगे? पिछले दिनों राजधानी में लगातार बढ़ती आपराधिक वारदातों और कानून व्यवस्था पर उठते सवालों के बीच यह ‘कड़क तेवर’ असली कसौटी पर तभी खरे उतरेंगे, जब सख्ती सिर्फ फाइलों और बैठकों तक सीमित न रहकर सड़कों और थानों में भी नजर आएगी।




