Connect with us

उत्तराखण्ड

हरेला पर्व पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाजपुर में हुआ पौधारोपण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बाजपुर, 16 जुलाई। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बाजपुर में “एक पेड़ माँ के नाम” थीम के अंतर्गत पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा पूर्व में लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई एवं संरक्षण का कार्य भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. जगमोहन सिंह नेगी ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। हरेला पर्व हमें पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने सभी से अधिकाधिक पौधारोपण करने एवं लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सैनी तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के अधिकारी डॉ. पंकज कुमार के नेतृत्व में स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में सहभागिता की।

इस अवसर पर डॉ. सी.पी. सिंह, डॉ. जाहिद मुस्तफा एवं डॉ. प्रभदीप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं में मोहित, विक्की, शोभित, दीपिका, शशी बाला, गौरव सिंह, शीतल, राखी, सावंत, काजल, निशा, निर्मल कौर, सुमनजीत कौर, विकास कुमार, विपिन, मुस्कान, कनिष्का, कश्यप तथा राणा ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के कर्मचारियों विकास, राकेश, दीप, शकुंतला, बलविंदर, बाबूराम, राजेन्द्र सिंह एवं फ़ैयाज़ का उल्लेखनीय सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने हरेला पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तराखंड के निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page