उत्तराखण्ड
महिला दिवस पर नैनीताल पुलिस का विशेष ‘थाना दिवस’, “कोशिश – एक नई आशा” अभियान के तहत सुनी जाएंगी महिलाओं की शिकायतें

नैनीताल, 7 मार्च 2026।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उनके सशक्तिकरण को लेकर नैनीताल पुलिस विशेष पहल करने जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी थाना प्रभारियों और महिला हेल्पलाइन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हल्द्वानी स्थित बहुउद्देशीय भवन के मीटिंग हॉल से आयोजित इस बैठक में एसएसपी ने बताया कि 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिले के सभी थानों में “थाना दिवस – कोशिश : एक नई आशा” अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा, शिकायतों के त्वरित समाधान और प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में तीन माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों के पक्षकारों को थाने बुलाकर उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाए। इसके साथ ही थानों में दर्ज महिला उत्पीड़न और महिला शिकायत रजिस्टरों का अवलोकन कर 1 वर्ष, 6 माह और 3 माह से अधिक समय से लंबित मामलों की अलग-अलग सूची तैयार कर उनका निस्तारण किया जाए।
एसएसपी ने यह भी निर्देश दिए कि भविष्य में महिलाओं से संबंधित शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। महिला दिवस के अवसर पर सभी थानों में महिला पुलिसकर्मियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी तथा दिवस अधिकारी के रूप में महिला उपनिरीक्षक या अपर उपनिरीक्षक की तैनाती की जाएगी।
इसके अलावा महिला कर्मियों को चीता मोबाइल और गश्त पिकेट में भी तैनात किया जाएगा ताकि महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।
महिला दिवस के मौके पर प्रत्येक थाने में महिला समूहों, स्वयं सहायता समूहों और मंगल दलों के साथ गोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महिलाओं की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण करते हुए उनकी सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पाण्डेय, महिला समाधान केंद्र के सदस्य तथा जनपद के सभी थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे।




