Connect with us

उत्तराखण्ड

बाजपुर में ‘ज़हर की फैक्ट्री’ का पर्दाफाश! नामी कंपनियों के नाम पर बन रहीं थीं नकली दवाइयाँ, गोदाम से अवैध शराब का भी जखीरा बरामद

बाजपुर (ऊधमसिंहनगर)। अगर यह धंधा कुछ और दिन चलता रहता, तो न जाने कितने मरीज इलाज के नाम पर नकली दवाइयाँ निगलते रहते। उत्तराखंड एसटीएफ और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बाजपुर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या F-13 एवं F-14) में कथित तौर पर चल रहे नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान धीरेन्द्र पुत्र ब्रह्म सिंह, निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार फैक्ट्री में बिना वैध एलोपैथिक दवा निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक/फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma समेत कई प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक और जीवन रक्षक दवाइयाँ तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही थीं।
एक लाख से अधिक गोलियां और 15 हजार से ज्यादा सिरप की बोतलें
छापेमारी में बरामद दवाइयों की मात्रा चौंकाने वाली है। पुलिस के अनुसार लगभग एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद हुई हैं। इनमें अम्लता, एंटीबायोटिक, दर्द, नसों के दर्द, प्रोस्टेट, कैल्शियम, विटामिन और आयरन सप्लीमेंट जैसी दवाइयाँ शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल रोजाना हजारों मरीज करते हैं।
बरामद दवाइयों में ALKASOL की 2,400 बोतलें, CEFIFINE-200 की 11,200 टैबलेट, VELTAM के 76 बॉक्स व 2 पेटियां, NIMUFIN की 5,250 टैबलेट, SUNCLAV की 2,100 स्ट्रिप, RUBIRED SUSPENSION की 1,600 बोतलें, OSTOCALCIUM B12 SUSPENSION की 9,560 बोतलें, VELTAM PLUS की 36,000 टैबलेट, GABAPIN की 28,500 टैबलेट और SOMPRAZ की 2,100 टैबलेट शामिल हैं।

गोदाम से नकली दवाइयों के साथ मिली अवैध शराब

एसटीएफ के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में तैयार नकली दवाइयाँ, पैकिंग सामग्री और अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामदगी में MacDowell No.1 के 1,632 क्वार्टर, III RCS (चंडीगढ़ मार्क) की 1,016 बोतलें, 500 ढक्कन, 7 बंडल रैपर, 1,000 खाली कांच के क्वार्टर और उत्तराखंड आबकारी के 3 बंडल होलोग्राम/सील भी शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।

फैक्ट्री में मिली पैकिंग मशीनें और नकली लेबल

कार्रवाई के दौरान एसएस टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन सहित दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए। इसके अलावा ALKASOL के प्रिंटेड लेबल, RUBIRED SUSPENSION की प्रिंटेड फॉयल और GABAPIN-100 की प्रिंटेड फॉयल का रोल भी मिला है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 338(3), 276, 277, 278, 318, 319 और 336 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अवैध शराब की बरामदगी के मामले में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में एसटीएफ, औषधि प्रशासन, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही।
एसटीएफ टीम: इंस्पेक्टर विकास चौधरी, एसआई विपिन चंद्र जोशी, एसआई के.जी. माथपाल, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, हेड कांस्टेबल रविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और तकनीकी सहायक किशन चंद्र शर्मा।

औषधि प्रशासन टीम: वरिष्ठ निरीक्षक नीरज कुमार, वरिष्ठ निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, निरीक्षक निधि शर्मा, निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल।
स्थानीय पुलिस: एसआई सुरेंद्र सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह मेहता और कांस्टेबल समीर चौहान।
आबकारी विभाग: निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट और निरीक्षक कृष्ण चंद।
फिलहाल जांच एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और बाजार तक पहुंची नकली दवाइयों की पड़ताल कर रही हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page