Connect with us

उत्तराखण्ड

हरिद्वार में कल अमित शाह की जनसभा, ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के लिए पूरी हुई तैयारियां

हरिद्वार।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार 7 मार्च 2026 को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम ‘जन-जन की सरकार : चार साल बेमिसाल’ में प्रतिभाग करेंगे। राज्य सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल बैरागी कैंप के साथ-साथ पूरे हरिद्वार शहर को सजाया-संवारा जा रहा है।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरिद्वार का दौरा किया। उन्होंने बैरागी कैंप पहुंचकर जनसभा स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल और विद्युत आपूर्ति समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी व्यवस्थाओं का वरिष्ठ स्तर पर परीक्षण कर लिया जाए तथा आम जनता की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम करें।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार के बैरागी कैंप में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी और नई न्याय संहिताओं पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, विधायक आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि जनसभा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page