Connect with us

उत्तराखण्ड

रामनगर में प्रियंका गांधी की रैली- बोली-“अपने मुँह मियाँ मिट्ठू बनते हैं मोदी”

रामनगर (नैनीताल) उत्तराखंड की पौड़ी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली रामनगर विधानसभा क्षेत्र आज कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रैली करके पार्टी के चुनाव प्रचार को धार दी है. महंगाई रोजगार और किसानों के मुद्दे पर उन्होंने मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया. प्रियंका गांधी ने कहा कि अबकी बार मोदी सरकार नहीं बल्कि जनता की सरकार होगी, बेरोजगार नौजवानों की सरकार होगी.कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला।

रामनगर में पीरूमदारा के किसान इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तराखंड से मेरे परिवार का एक पुराना रिश्ता है। जिस जगह से बचपन की मीठी-मीठी यादें जुड़ी हुई होती है, वहां से हमेशा खास रिश्ता होता है। मेरे पिताजी भी देहरादून में पढ़े, मेरे भाई साहब भी देहरादून में पढ़े, मेरे बेटे ने भी पांच साल देहरादून में पढ़ा। मैं भी दो साल के लिए देहरादून में पढ़ी और आपके इस प्रदेश में भी काफी घूमने का मौका मिला। यहां रामनगर के साथ तो बहुत खास रिश्ता है।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने उत्तराखंड में पीएम मोदी के चुनावी संबोधन को सुना। वह भाषण दो साल पहले जैसा था। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। पिछले साल वहां भयानक आपदा आई थी। उस आपदा में कांग्रेस पार्टी के नेता, कार्यकर्ता सभी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए थे। मुख्यमंत्री खुद दौरा कर रहे थे। लेकिन, भाजपा ने कोई मदद नहीं की। केंद्र सरकार ने आज तक कोई राहत नहीं दी, क्योंकि, उनके लिए हिमाचल प्रदेश सिर्फ चुनाव तक ही देव भूमि था। उसके बाद कुछ नहीं था।
उन्होंने कहा कि आप लोग अपने बच्चों को सेना में भेजते हैं। मैं शहादत को जानती हूं, त्याग को जानती हूं। मैंने अपने पिता की लाश देखी थी। प्रधानमंत्री क्या जानें शहादत किसे कहते हैं, त्याग क्या होता है?
प्रियंका गांधी ने महिला सुरक्षा पर भी मोदी सरकार और भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा की बात प्रधानमंत्री मोदी करते हैं। प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी पर क्यों कुछ नहीं बोलते हैं? हाथरस पर क्यों नहीं बोलते है? उन्नाव पर क्यों नहीं बोतले हैं? इस सबके दोषियों पर क्यों कोई कार्रवाई नहीं होती है?
उन्होंने आगे कहा कि युवा आज बेरोजगार बैठे हुए हैं। जो नौजवान सेना में जाने की सोच रहे थे, तैयारी कर रहे थे। आपने अग्निवीर योजना लाकर उनका सपना ही तोड़ दिया। किसान खेती में अपना खून-पसीना बहा रहा है, कुछ कमा नहीं पा रहा है। ये हमें कितना भी कुछ कहें, ये हमारी देश के प्रति श्रद्धा को नहीं समझ सकते हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबको भ्रष्ट बताते हैं और खुद को ईमानदार. उन्होंने मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह अपनी मियां मिट्ठू बनते हैं. प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार द्वारा दो मुख्यमंत्री को जेल में डालने के मुद्दे पर भी हमला बोला हैं. प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी ने उनके भाई को परेशान करने के लिए पहले उसका घर छीना फिर अलग-अलग राज्यों में मुकदमे दर्ज कराये ताकि वह कोर्ट कचहरी के चक्कर काट कर परेशान हो जाए.

जनसभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि अब आप सबको जागरूक होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि आप अपनी तरक्की के लिए सोचिए, आपको सिर्फ अपनी तरक्की के लिए वोट देना है और आपकी तरक्की सिर्फ कांग्रेस सरकार में ही हो सकती है. उन्होंने कहा कि 10 साल आपने मोदी सरकार को देख लिया, इन्होंने कोई काम लोगों के लिए नही किया सिर्फ अडानी अम्बानी के लिए किया.

प्रियंका गांधी ने लोगों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर रोजगार महंगाई और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. गरीब महिलाओं को उनकी सरकार ₹100000 प्रतिवर्ष देगी.

कांग्रेस की इस रैली में पौड़ी लोक सभा सीट के उम्मीदवार गणेश गोदियाल, अल्मोड़ा सीट से उम्मीदवार प्रदीप टम्टा और नैनीताल लोकसभा सीट से उम्मीदवार प्रकाश जोशी ने संबोधित किया. इस रैली में पूर्व मंत्री और बाजपुर से विधायक यशपाल आर्य, हल्द्वानी से विधायक सुमित, जसपुर विधायक आदेश चौहान,अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी और रामनगर नगर पालिका अध्यक्ष मौहम्मद अकरम ने भी अपने विचार रखे. रैली का संचालन पूर्व विधायक रणजीत सिंह रावत कर रहे थे.

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page