उत्तराखण्ड
रामनगर: गैंगस्टर एक्ट का आरोपी और घोषित गुंडा आखिरकार गिरफ्तार, रेलवे के खाली मैदान से दबोचा गया
रामनगर। लंबे समय से पुलिस और प्रशासन की नजरों में चल रहे गैंगस्टर एक्ट के आरोपी एवं घोषित गुंडे कौशल चिलवाल को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर उसे रामनगर के चोरपानी स्थित रेलवे के खाली मैदान से दबोच लिया गया।
जानकारी के अनुसार संगठित अपराधों में संलिप्त पाए जाने पर 2 जून 2026 को कौशल चिलवाल समेत चार लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गैंग में हर्षित कोहली, तनिष्क बोहरा और आकरित राघव भी शामिल बताए गए थे।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गैंग का सरगना बताए जा रहे कौशल चिलवाल के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके बढ़ते आपराधिक इतिहास को देखते हुए जिला प्रशासन ने उसे गुंडा घोषित करते हुए जिला बदर करने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन कार्रवाई से पहले ही वह फरार हो गया था।
बताया जा रहा है कि फरारी के दौरान वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इसी बीच मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
कौशल चिलवाल की गिरफ्तारी को क्षेत्र में सक्रिय अपराधी तत्वों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कौन है कौशल चिलवाल?
गैंगस्टर एक्ट में नामजद आरोपी।
कई आपराधिक मामलों में पहले से दर्ज हैं मुकदमे।
जिला प्रशासन द्वारा घोषित किया जा चुका है गुंडा।
जिला बदर की कार्रवाई से पहले ही हो गया था फरार।
चोरपानी क्षेत्र से गिरफ्तार।
रामनगर में लगातार बढ़ रही गैंग गतिविधियों के बीच इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर संगठित अपराधों की मौजूदगी को उजागर कर दिया है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।




