उत्तराखण्ड
दयारा बुग्याल ट्रेक से लापता रामनगर की युवती: चौथे दिन भी नहीं मिला सुराग, ड्रोन और डॉग स्क्वॉड के साथ जारी है सर्च ऑपरेशन
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के प्रसिद्ध दयारा बुग्याल ट्रेक से लापता हुई रामनगर की 24 वर्षीय ट्रैकर बबीता पाण्डे की तलाश चौथे दिन भी जारी है। प्रशासन ने युवती को खोजने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। दुर्गम पहाड़ियों, घने जंगलों और खाइयों में SDRF, NDRF, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अभी तक बबीता का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के ग्राम चिल्किया निवासी बबीता पाण्डे अपने दो साथियों के साथ 29 मई को दयारा बुग्याल ट्रेक पर निकली थीं। ट्रेकिंग के दौरान 30 मई को वह अचानक लापता हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बड़े स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी गई।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। खोज अभियान में आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया जा रहा है। ड्रोन कैमरों से ऊंचाई वाले इलाकों की निगरानी की जा रही है, जबकि डॉग स्क्वॉड को संभावित रास्तों और जंगल क्षेत्रों में लगाया गया है। इसके अलावा NDRF और SDRF की टीमें जोखिम भरे इलाकों में पैदल सर्च कर रही हैं।
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली मनेरी में धारा 140(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि युवती की तलाश के लिए हर संभावित पहलू पर काम किया जा रहा है और अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल जाती।
बबीता पाण्डे का कद लगभग 5 फीट, रंग गोरा तथा बाल काले-भूरे बताए गए हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को बबीता के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तत्काल कोतवाली मनेरी प्रभारी के मोबाइल नंबर 9411112863 या विवेचक 8193990347 पर संपर्क कर सकता है।
इस बीच रामनगर और उत्तरकाशी में बबीता के परिजन गहरी चिंता में हैं। परिवार की निगाहें प्रशासन के सर्च अभियान पर टिकी हुई हैं और सभी को उम्मीद है कि युवती सकुशल मिल जाएगी।




