उत्तराखण्ड
रामनगर के छात्रों का कमाल: हॉस्पिटैलिटी प्रतियोगिता में जीते गोल्ड और ब्रॉन्ज
रामनगर के रिनेसां कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के छात्रों ने प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। यह प्रतियोगिता प्रगति मैदान स्थित अतिथि मंडपम दिल्ली में आयोजित की गई, जिसमें देशभर के प्रमुख होटल मैनेजमेंट संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
एसोसिएशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स द्वारा “एम्पावरिंग हॉस्पिटैलिटी” थीम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र दिनेश काराकोटी ने फ्लॉवर्स अरेंजमेंट श्रेणी में अपनी रचनात्मकता और पेशेवर कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं, छात्र चेतन पंत ने आर्ट ऑफ टेबल सेटअप प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
दोनों छात्रों की इस उपलब्धि ने न सिर्फ कॉलेज का नाम रोशन किया, बल्कि यह भी साबित किया कि संस्थान में छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योग-उन्मुख शिक्षा दी जा रही है।
इस उपलब्धि पर कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर आलोक गुंसाई और डायरेक्टर कुणाल मदान ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्ता, बेहतर मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्र आगे भी ऐसे ही प्रदर्शन करते हुए संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कॉलेज प्रबंधन, फैकल्टी और विद्यार्थियों ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




