उत्तराखण्ड
रामनगर के डॉ. गौतम सिंह मौर्य का केंद्रीय चिकित्सा सेवा में चयन, पहले ही प्रयास में बड़ी सफलता
रामनगर। संयुक्त चिकित्सा सेवा परीक्षा 2025 में रामनगर क्षेत्र के ग्राम भभूतपुर तड़ियाल, पीरुमदारा निवासी डॉ. गौतम सिंह मौर्य ने शानदार सफलता हासिल करते हुए केंद्रीय चिकित्सा सेवा (Central Health Services) में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि डॉ. गौतम ने अपने पहले ही प्रयास में यह प्रतिष्ठित सफलता अर्जित की है।
डॉ. गौतम सिंह मौर्य के पिता डॉ. शिरीष मौर्य देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों में शुमार हैं और वर्तमान में कुमाऊँ विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा, साहित्य और अनुशासन का यही संस्कार डॉ. गौतम की सफलता में साफ नजर आता है।
वर्तमान समय में डॉ. गौतम दून मेडिकल हॉस्पिटल, देहरादून में बतौर इंटर्न अपनी सेवाएं दे रहे हैं। केंद्रीय चिकित्सा सेवा में उनका चयन न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे रामनगर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।भगोतपुर तढियाल स्थित शाइनिंग स्टार स्कूल के वह छात्र रहें हैं उनकी सफलता पर शाइनिंग स्टार स्कूल प्रबंधन ने शुभकामनायें दी हैं.
डॉ. गौतम की यह उपलब्धि रामनगर के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और लगन का जीवंत उदाहरण है। उनकी सफलता निश्चित रूप से उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी जो मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं।




