उत्तराखण्ड
रामनगर में सेवा पखवाड़ा शिविर: 27 विभाग एक मंच पर, 53 शिकायतें पहुंचीं, 32 का मौके पर निस्तारण
रामनगर (नैनीताल), 6 जुलाई। विकासखंड सभागार रामनगर में सोमवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 27 विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया। इस दौरान कुल 53 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दीवान सिंह बिष्ट और ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर भूमि, सड़क, पेयजल, सिंचाई, विरासत, जल निकासी और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिविर में ही लगी एडीएम की अदालत, वर्षों पुराने तीन मामलों का निस्तारण
शिविर की अध्यक्षता कर रहे अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय ने शिविर स्थल पर ही न्यायालय लगाकर वर्ष 2016 और 2018 से लंबित तीन मामलों की सुनवाई की। प्रशासन के अनुसार तीनों प्रकरणों का मौके पर ही विधिसम्मत निस्तारण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शेष मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
शिविर में प्राप्त 53 शिकायतों में से 32 का मौके पर समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अवैध अतिक्रमण और कथित रूप से गलत शपथ पत्रों के आधार पर सरकारी अनुमति लेने से जुड़े मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
15 महिलाओं को मिली मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 15 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी भी लाभार्थियों को दी गई।
27 विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी
शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, शिक्षा, सिंचाई, लोक निर्माण, पेयजल, कृषि सहित 27 विभागों ने भाग लिया। विभागों ने योजनाओं से संबंधित आवेदन भी स्वीकार किए और मौके पर कई मामलों का समाधान किया।
लोक संस्कृति के जरिए किया जनजागरूकता का प्रयास
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से पंजीकृत पार्वतीय महिला ग्राम विकास समिति, रामनगर के सांस्कृतिक दल ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। जिला सूचना विभाग ने भी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख संजय नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, खंड विकास अधिकारी गिरीश चंद्र पांडे, तहसीलदार मनीषा मकराना, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




