उत्तराखण्ड
नैनीताल में SIR शुरू, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ; 7 जुलाई तक भरवाए जाएंगे गणना फॉर्म

नैनीताल। जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत सोमवार से हो गई। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अब घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाता विवरणों का सत्यापन करेंगे।
अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में हुई, जहां निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय और उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक मौजूद रहे।
अधिकारियों के घर भी पहुंचे बीएलओ
अभियान के तहत बीएलओ पूजा ने कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत के आवास पहुंचकर उन्हें गणना फॉर्म सौंपा और आवश्यक जानकारी दी। वहीं बीएलओ ने जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी गणना फॉर्म उपलब्ध कराया।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय, बीएलओ राजेंद्र गिरी, सुपरवाइजर कैलाश चंद्र जोशी और समन्वयक गिरीश तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिले के 1010 बीएलओ को सौंपे गए फॉर्म
जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान सभी मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जाएंगे। इसके बाद बीएलओ मोबाइल एप के माध्यम से फॉर्म का डिजिटलीकरण करेंगे।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करें और गणना फॉर्म भरते समय सही जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो भी बीएलओ को दें।
“बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी शुरू
निर्वाचन विभाग ने उन मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की है जो दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते। ऐसे मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल एप के माध्यम से “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा का उपयोग कर सकते हैं।
कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा। यदि किसी मतदाता के घर पर पहली बार कोई नहीं मिलता है तो बीएलओ तीन बार तक वहां जाएगा और अगली विजिट की तारीख व अपना मोबाइल नंबर लिखकर सूचना छोड़ जाएगा।
15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 11 सितंबर तक सभी दावे-आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
अधिकारियों ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट एप के माध्यम से गणना फॉर्म डाउनलोड कर ऑनलाइन भर सकते हैं। वहीं नए पात्र मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरकर बीएलओ को उपलब्ध करा सकते हैं।
सोमवार को जिलेभर में बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरण का कार्य शुरू कर दिया।




