Connect with us

उत्तराखण्ड

चारधाम यात्रा से पहले ऋषिकेश में पुलिस का सख्त अभियान, सत्यापन न कराने पर भवन स्वामियों पर 30 हजार का जुर्माना

ऋषिकेश। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने यात्रा मार्गों पर सघन सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापक स्तर पर चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्गों पर पड़ने वाले सभी थाना और चौकी प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और बाहरी राज्यों से आए लोगों के सत्यापन के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के तहत 13 मार्च को क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीमों ने हरिद्वार–ऋषिकेश मार्ग और त्रिवेणी घाट क्षेत्र में स्थित होटल, रेस्टोरेंट और धर्मशालाओं में चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मुख्य मार्गों और फुटपाथों पर अवैध रूप से बोर्ड या सामान रखकर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान करते हुए 1250 रुपये का जुर्माना वसूला और भविष्य में अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
इसके साथ ही अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन न कराने वाले 3 भवन और प्रतिष्ठान स्वामियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत चालान करते हुए कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस तरह के सत्यापन और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि यात्रा मार्गों पर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page