उत्तराखण्ड
हुड़दंगियों पर सख्ती! SSP दून खुद मैदान में उतरे, रात भर चली सघन चेकिंग
देहरादून। हुड़दंगियों पर सख्ती बरतते हुए दून पुलिस ने रात के अंधेरे में भी पूरी मुस्तैदी दिखाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने खुद टीम के साथ मैदान में उतरकर नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पूरे नगर क्षेत्र में रात भर सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी डोभाल स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहे और सभी टीमों को मौके पर ही ब्रीफिंग दी। उन्होंने टीमों को संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क रहने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
संदिग्धों पर छापेमारी, बार-रेस्टोरेंट पर कार्रवाई
पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहे अभियुक्तों के ठिकानों पर औचक छापेमारी की। साथ ही निर्धारित समयावधि के बाद भी खुले रहने वाले बार और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया।
यह अभियान देर रात तक जारी रहा। एसएसपी डोभाल का साफ संदेश था कि दून में पढ़ाई के नाम पर आने वाले छात्रों या युवकों द्वारा रात में हुड़दंग या अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस का यह सघन अभियान कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
दून पुलिस के इस सक्रिय रुख से स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।




