उत्तराखण्ड
टिहरी लेक फेस्टिवल 6 से 9 मार्च तक, पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई उड़ान
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में पर्यटन को नई पहचान देने के उद्देश्य से 6 से 9 मार्च तक भव्य “Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल” का आयोजन किया जा रहा है। चार दिवसीय इस महोत्सव के जरिए टिहरी झील, एडवेंचर स्पोर्ट्स, संस्कृति और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किए जाने का प्रस्ताव है।
टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेस्टिवल का मकसद टिहरी को प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल के अनुसार, आयोजन के दौरान जिले के विभिन्न प्रमुख केंद्रों पर एडवेंचर, सांस्कृतिक और प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों की भरमार रहेगी।
चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में टिहरी झील की सैर, गंगा की तेज लहरों पर राफ्टिंग, रहस्यमयी खैट पर्वत की ट्रैकिंग और देवप्रयाग में रघुनाथ मंदिर दर्शन जैसे अनुभव पर्यटकों को एक ही मंच पर मिलेंगे। इसके साथ ही संगम तट पर योगाभ्यास और ऐतिहासिक वेदशाला का भ्रमण भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगा।
प्रतियोगिताओं में जीतें एक लाख तक का इनाम
फेस्टिवल के दौरान मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपए तक का पुरस्कार दिया जाएगा। द्वितीय स्थान पर 50 हजार और तृतीय स्थान पर 25 हजार रुपए का पुरस्कार निर्धारित किया गया है, जबकि 10 प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपए के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
पांडवाज और अमित त्रिवेदी की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण
छह मार्च को कोटी कॉलोनी में उद्घाटन समारोह के साथ फूड फेस्टिवल, मास्टर शेफ, मिस्टर एंड मिस टिहरी और वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवनगाथा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। इसी दिन पांडवाज बैंड अपनी प्रस्तुति से माहौल को रंगीन बनाएगा, जबकि सात मार्च को मशहूर गायक अमित त्रिवेदी की लाइव परफॉर्मेंस मुख्य आकर्षण रहेगी।
एडवेंचर गतिविधियों से भरपूर रहेगा आयोजन
प्रतापनगर ब्लॉक में सात मार्च को माजफ–पीडी ट्रैक और आठ मार्च को थात–खैट पर्वत ट्रैक का आयोजन किया जाएगा। घनसाली क्षेत्र में बासल ताल ट्रैकिंग कराई जाएगी। नरेंद्र नगर ब्लॉक में आठ मार्च को ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में राफ्टिंग और धनोल्टी क्षेत्र में सुआखोली से देवलसारी तक माउंटेन बाइकिंग (MTB) राइड आयोजित होगी।
देवप्रयाग में आध्यात्म और योग का संगम
फेस्टिवल में शामिल प्रतिभागियों को देवप्रयाग स्थित प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर के दर्शन, संगम तट पर गंगा आरती और योगाभ्यास का भी विशेष अवसर मिलेगा। साथ ही ऐतिहासिक वेदशाला का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे पर्यटन के साथ आध्यात्मिक अनुभव भी मिल सके।
चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल को पर्यटन, संस्कृति, रोमांच और आध्यात्म के समग्र पैकेज के रूप में तैयार किया गया है, जिससे टिहरी जिले को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।




