Connect with us

उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में अग्निवीरों का जोश, रक्षामंत्री बोले—भारतीय सेना में आपका स्वागत है

हल्द्वानी, 21 मार्च 2026। देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं के जोश और देशभक्ति का नजारा उस समय देखने को मिला, जब रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी आगमन पर 112 से अधिक चयनित अग्निवीरों ने “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सभी चयनित अग्निवीरों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी देश की रक्षा के लिए आगे बढ़ रहे हैं, ऐसे वीर युवाओं का भारतीय सेना में स्वागत है। उन्होंने युवाओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चयनित अग्निवीरों को तिलक लगाकर सम्मानित किया और उन्हें मां भारती की सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की युवा शक्ति हमेशा देश सेवा में अग्रणी रही है और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
बताया गया कि ये सभी चयनित अग्निवीर यूथ फाउंडेशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर सेना में शामिल हो रहे हैं। इस अवसर पर यूथ फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने जानकारी दी कि इस बार उनके 752 अभ्यर्थियों में से 710 का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ है, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन से यूथ फाउंडेशन उत्तराखंड के युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिसमें लिखित और शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। अब तक संस्था 15 हजार से अधिक युवाओं को सेना, अर्धसैनिक बलों और पुलिस में भर्ती कराकर राष्ट्र सेवा के लिए भेज चुकी है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कर्नल अजय कोठियाल के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की और चयनित अग्निवीरों के साथ समूह फोटो भी खिंचवाई।
उल्लेखनीय है कि कर्नल अजय कोठियाल एवरेस्ट विजेता होने के साथ ही सेना के कई विशिष्ट पदकों से सम्मानित हैं। साथ ही केदारनाथ आपदा के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में उनकी भूमिका को भी व्यापक सराहना मिली है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page