उत्तराखण्ड
रामनगर में मंगलसूत्र झपटने वाला गिरोह बेनकाब, फिर वारदात की फिराक में लौटे तो पकड़े गए
रामनगर क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। खेत की ओर जा रही महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हुए तीन युवकों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक किशोर को विधिक संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के पास से टूटा हुआ मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है।
मामला 16 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है, जब पीरूमदारा निवासी विशन सिंह बिष्ट अपनी पत्नी के साथ खेत में सिंचाई के लिए जा रहे थे। आरोप है कि पीछे से बाइक पर सवार तीन युवक उनका पीछा करते हुए पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक से उतरा, बात करने का बहाना बनाया और अचानक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया। छीना-झपटी में मंगलसूत्र के कुछ दाने मौके पर गिर गए, जबकि बाकी हिस्सा लेकर आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर थाना रामनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद इलाके में लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान हुई और 25 अप्रैल को चौधरी ढाबा के पास से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सावेज उर्फ भूरा निवासी महेशपुर काशीपुर और जुबैर निवासी किला बाजार काशीपुर के रूप में हुई है। एक किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दोबारा रामनगर क्षेत्र में नई झपटमारी की घटना को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही पकड़ लिए गए।
बरामद सामान
टूटा हुआ मंगलसूत्र (6 पीली धातु के दाने व एक पेंडल सहित)
घटना में प्रयुक्त बाइक UK18U4835
यह घटना सिर्फ एक चोरी नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल है। खुलेआम सुनसान रास्तों और खेतों तक महिलाओं का पीछा कर गले से जेवर छीनना बताता है कि अपराधी अब शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाकों को भी आसान निशाना मान रहे हैं।




