उत्तराखण्ड
राष्ट्रीय मंच पर रामनगर का नाम रोशन, शाइनिंग स्टार स्कूल को मिला ‘विप्रो अर्थियन 2025’ का राष्ट्रीय पुरस्कार
रामनगर (नैनीताल)। शिक्षा के क्षेत्र में रामनगर के लिए गर्व का क्षण है। शाइनिंग स्टार स्कूल, पीरूमदरा (रामनगर) ने ‘विप्रो अर्थियन 2025’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किया है। यह सम्मान स्कूल की उस टीम को मिला है, जिसने 18 राज्यों के 2000 से अधिक छात्रों की भागीदारी वाले इस राष्ट्रीय अभियान में सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और नवाचार आधारित शिक्षा के क्षेत्र में प्रभावशाली कार्य किया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शाइनिंग स्टार स्कूल की टीम ने जैव विविधता, प्रकृति शिक्षा, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा विवेक, लैंगिक समानता और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर व्यावहारिक मॉडल और समाधान प्रस्तुत किए। छात्रों ने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सस्टेनेबिलिटी पर आधारित नवाचारी परियोजनाएं तैयार कीं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया।
40 से अधिक शिक्षक, NSI देहरादून से प्रशिक्षण
पिछले दो वर्षों में स्कूल के 40 से अधिक शिक्षकों को नेशनल साइंस इनिशिएटिव (NSI), देहरादून द्वारा आयोजित सस्टेनेबिलिटी प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षण दिया गया। इसके माध्यम से छात्रों में वैज्ञानिक सोच, समस्या-समाधान कौशल और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत किया गया।
“किताबी ज्ञान से आगे, वास्तविक दुनिया से जुड़ाव”
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन की समस्याओं से जोड़ना है। बच्चों ने पर्यावरणीय चुनौतियों पर ग्राउंड लेवल सॉल्यूशंस तैयार कर यह साबित किया कि सही मार्गदर्शन मिले तो छात्र समाज में बदलाव के वाहक बन सकते हैं।
जनवरी 2026 में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
‘विश्व अभियान 2025’ का राष्ट्रीय सम्मेलन 29 से 31 जनवरी 2026 तक अमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर से चयनित टीमें अपने प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत करेंगी। शाइनिंग स्टार स्कूल की टीम भी इस सम्मेलन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी।
स्कूल परिवार को बधाई
इस उपलब्धि पर स्कूल के निदेशक देवेंद्र सिंह नेगी ने छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार टीमवर्क, नवाचार और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
शाइनिंग स्टार स्कूल की यह उपलब्धि न सिर्फ रामनगर बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।




