उत्तराखण्ड
जेल तोड़ के भागा कुख्यात कल्लू गैंग का ईनामी बदमाश गिरफ्तार
देहरादून में दबोचा गया 1 लाख का इनामी बदमाश: उड़ीसा जेल तोड़कर भागा था, ऋषिकेश में पुलिस ने घेरा
देहरादून में कानून से भाग रहे एक बड़े अपराधी का आखिरकार खेल खत्म हो गया। बिहार के कुख्यात कल्लू गैंग से जुड़े 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश को दून पुलिस ने ऋषिकेश से धर दबोचा। यह वही शातिर अपराधी है जो उड़ीसा की जेल तोड़कर फरार हो गया था और पिछले 6 महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त राजा साहनी (34 वर्ष), निवासी बेगूसराय (बिहार), उड़ीसा के कटक जिले की जेल से 2 अक्टूबर 2025 को फरार हुआ था। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और उड़ीसा पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
ऋषिकेश में छिपा था, ऐसे हुआ खुलासा
उड़ीसा पुलिस को सूचना मिली कि राजा साहनी ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट इलाके में देखा गया है। इसके बाद उड़ीसा पुलिस की टीम सीधे देहरादून पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही दून पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में टीम गठित की।
पुलिस ने त्रिवेणी घाट और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्ध गतिविधियों को ट्रैक किया और इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। मुखबिर तंत्र भी एक्टिव किया गया।
फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी, कार से दबोचा गया
पुलिस को एक गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (PB-10-DN-0508) पर शक हुआ। नटराज चौक से टिहरी रोड की तरफ जा रही इस कार को सुमन पार्क के पास घेर लिया गया।
जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पीछे बैठे शख्स की पहचान उड़ीसा पुलिस ने राजा साहनी के रूप में की। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कई राज्यों में फैला अपराध का जाल
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि राजा साहनी पर उड़ीसा के कटक और जाजपुर जिलों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले होने की आशंका है, जिसकी जांच जारी है।




