Connect with us

उत्तराखण्ड

रामनगर से देहरादून के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार खत्म, कल रेल मंत्री करेंगे शुभारंभ

रामनगर। उत्तराखंड के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से रामनगर और देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा की मांग अब पूरी होने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 18 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर एक्सप्रेस का शुभारंभ करेंगे और उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले शुभारंभ समारोह में सांसद अनिल बलूनी, त्रिवेंद्र सिंह रावत, माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्र के नागरिक मौजूद रहेंगे।
रेल मंत्रालय ने क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए रामनगर और देहरादून के बीच इस इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को मंजूरी दी है। इसके शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
नई ट्रेन से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब यात्री प्रदेश की राजधानी देहरादून और तीर्थनगरी हरिद्वार जाकर अपना काम उसी दिन पूरा कर वापस रामनगर लौट सकेंगे।
इसके अलावा, जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और हरिद्वार व अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस ट्रेन से सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और आवागमन को नई गति देने के साथ-साथ रामनगर को प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण शहरों से बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

You cannot copy content of this page