उत्तराखण्ड
रामनगर में चोरी का खुलासा: 55 CCTV खंगालने के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख के सोने-चांदी के गहने बरामद
रामनगर। रामनगर में घर से सोने-चांदी के गहनों की चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये के जेवरात बरामद किए हैं। शनिवार को रामनगर कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने घटना का खुलासा करते हुए मीडिया को इसकी जानकारी दी।
एएसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि 15 मई 2026 को पीरूमदारा क्षेत्र के शीतल कुंज निवासी उर्मिला पत्नी संजय सिंह ने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर घर से सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 153/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया और जांच के दौरान क्षेत्र के प्रमुख मार्गों व संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई। जांच के दौरान करीब 55 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले।
एएसपी ने बताया कि 23 मई 2026 को पुलिस टीम मालधन चौकी क्षेत्र के नारायणपुर मालधन रोड स्थित तुमड़िया डैम के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से पीले और सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए। मौके पर शिकायतकर्ता महिला को बुलाकर पहचान कराई गई, जिसमें उसने बरामद गहनों को अपने घर से चोरी हुए सामान के रूप में पहचान लिया।
बरामद सामान में शामिल हैं—
01 सोने का गले का हार
01 मंगलसूत्र
01 मांगटीका
चांदी की बिछुओं की एक जोड़ी
इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किया गया मोपेड/स्कूटर (UP 18-9833) भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 3.5 लाख से 4 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—
अनवर अली पुत्र असरार अली, निवासी कुंडा, ऊधमसिंहनगर, उम्र 35 वर्ष।
सद्दाम हुसैन पुत्र यासीन, निवासी हक्का भिक्कमपुर, थाना भोजपुर, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), उम्र 32 वर्ष।
पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के खुलासे में शामिल पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार
कांस्टेबल विजेंद्र सिंह
कांस्टेबल अशोक कबोज
कांस्टेबल संजय सिंह
घरों में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े करती हैं। हालांकि इस मामले में जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




