उत्तराखण्ड
रामनगर में दो बड़ी चोरी का खुलासा, 42 लाख से अधिक का माल बरामद घर और रिसोर्ट में हुई घटनाओं में शातिर चोर व सांसी गैंग का नाम सामने आया
रामनगर में दो बड़ी चोरी का खुलासा, 42 लाख से अधिक का माल बरामद
घर और रिसोर्ट में हुई घटनाओं में शातिर चोर व सांसी गैंग का नाम सामने आया
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर क्षेत्र में घर और एक नामी रिसोर्ट में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए हैं। इन दोनों मामलों में चोरी का तरीका, आरोपियों की पृष्ठभूमि और बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था और विवाह आयोजनों में सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
घर में चोरी: 30 लाख के जेवरात और सोने के बिस्कुट बरामद
पहला मामला रामनगर के लखनपुर क्षेत्र का है। 15 दिसंबर 2025 को सुमन पत्नी नरेंद्र, निवासी लखनपुर रामनगर, ने कोतवाली में तहरीर दी थी कि 8 दिसंबर को वह दिल्ली गई थीं और 11 दिसंबर को लौटने पर घर से सोने के कड़े, चूड़ियां और दो सोने के बिस्कुट गायब मिले। इस संबंध में एफआईआर संख्या 414/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर छानबीन के आधार पर 16 दिसंबर 2025 को चोरपानी क्षेत्र स्थित रेलवे भूमि के खाली मैदान से नवदीप शर्मा निवासी पीरूमदारा रामनगर को पकड़ा गया। उसके साथ एक विधि-विवादित किशोर भी शामिल पाया गया। आरोपियों के कब्जे से दो कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्कुट बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद आभूषणों की शिनाख्त पीड़िता द्वारा मौके पर की गई।
रिसोर्ट में शादी के दौरान चोरी: सांसी गैंग की करतूत
दूसरा मामला 3 नवंबर 2025 का है, जब उत्तर प्रदेश के संभल निवासी विकास अग्रवाल की बेटी की शादी टियारा रिसोर्ट, रामनगर में आयोजित थी। विवाह समारोह के दौरान एक बैग, जिसमें सोने के गहने, नकदी और मोबाइल फोन था, चोरी हो गया। इस संबंध में 13 नवंबर को एफआईआर संख्या 400/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में रिसोर्ट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। कर्मचारियों से पूछताछ के बाद दो संदिग्धों की पहचान मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग से जुड़े लोगों के रूप में हुई। पुलिस दबिश के दौरान आरोपी फरार मिले, लेकिन बाद में सूचना के आधार पर राजगढ़ (मध्य प्रदेश) के एक प्राथमिक स्कूल परिसर में छोड़ा गया बैग बरामद हुआ। बैग से 12 लाख रुपये नकद, सोने की एक अंगूठी और एक जोड़ी कान की बाली मिली। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
सांसी गैंग का तरीका
जांच में सामने आया कि सांसी गैंग के सदस्य बड़े होटलों और रिसोर्ट में शादी समारोह के दौरान मेहमान बनकर घुसते हैं और मौके का फायदा उठाकर नकदी व जेवरात चोरी कर लेते हैं। इनका नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है, जिससे ऐसे आयोजनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
सुरक्षा पर सवाल
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने एक बार फिर घरों और रिसोर्ट में होने वाले आयोजनों के दौरान सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। खासकर विवाह समारोह जैसे बड़े आयोजनों में मेहमानों के बीच बिन बुलाए लोगों की पहचान करना और निगरानी रखना आयोजकों और प्रबंधन दोनों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।




