उत्तराखण्ड
रामनगर को जाम से मुक्ति दिलाने की मांग, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रामनगर। नगर क्षेत्र में लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था और रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम को लेकर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी के नेतृत्व में उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान से मुलाकात कर यातायात व्यवस्था को सुधारने और वैकल्पिक मार्गों के उपयोग को बढ़ावा देने संबंधी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को बताया कि रामनगर में मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन लगने वाले जाम के कारण स्थानीय निवासियों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय-समय पर चलाए जाने वाले अभियान भी स्थायी समाधान नहीं दे पा रहे हैं, जिससे समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
ज्ञापन में पार्टी ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें गर्जिया झूला पुल से कोसी नदी होते हुए भंडारपानी जाने वाले पुराने सड़क मार्ग को यातायात के लिए खोलने की मांग प्रमुख रही। पार्टी का कहना है कि इस मार्ग के शुरू होने से पहाड़ से हल्द्वानी, काशीपुर, आमगढ़ी और सीतावनी की ओर जाने वाले वाहन नगर क्षेत्र में प्रवेश किए बिना सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे, जिससे शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा।
इसके अलावा रामनगर रेंज कार्यालय परिसर से लगी वन विभाग की खाली भूमि पर पार्किंग विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। पार्टी का दावा है कि यदि यहां पार्किंग बनाई जाती है तो मुख्य मार्गों पर खड़े रहने वाले बस, ट्रक, टेंपो, जिप्सी और निजी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से काफी राहत मिल सकती है। साथ ही इससे वन विभाग और शासन को राजस्व भी प्राप्त होगा।
ज्ञापन में ढिकुली, मोहन, गर्जिया, कानिया, पीरूमदारा, सांवल्दे और ढेला जैसे क्षेत्रों में बढ़ती आबादी और पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए नियमित सिटी बस अथवा टेंपो सेवा शुरू करने तथा किराया निर्धारित करने की मांग भी उठाई गई। पार्टी ने कहा कि इन क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण स्थानीय लोगों, पर्यटकों और मजदूरों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
उत्तराखंड परिवर्तन Party ने लखनपुर, कोसी रोड, भवानीगंज, टेढ़ा रोड और कोसी बैराज जैसे व्यस्त चौराहों पर पीक आवर्स के दौरान यातायात पुलिस की संख्या बढ़ाने की मांग भी की। साथ ही कोसी रोड, नंदा लाइन, कोटद्वार रोड और गैस गोदाम रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत की आवश्यकता पर जोर दिया गया ताकि मुख्य मार्गों पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने सभी सुझावों और मांगों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को सहयोग करने की भी अपील की।
ज्ञापन सौंपने वालों में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी, केंद्रीय सचिव लालमणि, देवभूमि व्यापार मंडल के संरक्षक मनमोहन अग्रवाल, नगर संयोजक आसिफ, सुनील परनवाल तथा जीएस बिष्ट सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




