उत्तराखण्ड
देहरादून में छात्र-छात्रा के बीच ऐसा क्या हुआ कि दोनों एक-दूसरे को कर बैठे घायल? जानिए ओगल भट्टा की चौंकाने वाली घटना
देहरादून, 7 मार्च। देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां आपसी विवाद के दौरान एक युवक और युवती ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया। दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटाउन को सूचना मिली कि ओगल भट्टा क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच विवाद के दौरान दोनों घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना क्लेमेंटाउन की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एक एम्बुलेंस खड़ी मिली। जांच में सामने आया कि घायल युवक और युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और काफी समय से दोनों के बीच प्रेम संबंध था।
पुलिस के अनुसार पिछले कुछ समय से युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में आने की बात को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत दोनों को एम्बुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।




