Connect with us

उत्तराखण्ड

युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, स्टार्टअप और स्वरोजगार से खुल रहे नए अवसर : मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार, 01 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप, नवाचार और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का केंद्र है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण, राष्ट्रसेवा और भारतीय मूल्यों का भी ज्ञान दिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है, जो भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।
सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा बिना किसी भेदभाव के 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऋण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि स्वरोजगार शुरू करने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
कार्यक्रम में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं आयोजक विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page