उत्तराखण्ड
भीमताल: लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्ग महिला से सोने के टॉप्स लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार
भीमताल। कोतवाली भीमताल क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से लिफ्ट देने के बहाने सोने के कुंडल/टॉप्स लूटने की घटना का पुलिस ने बेहद तेजी से खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को ऊधमसिंहनगर के शक्तिफार्म से गिरफ्तार कर लिया है तथा लूटा गया सोना और घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है।
घटना 19 अगस्त 2026 को हुई थी। पूर्व ग्राम प्रधान भुवन चन्द्र पलड़िया (भौर्सा) ने कोतवाली भीमताल में तहरीर देकर बताया था कि उनके गांव की करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अज्ञात बाइक सवारों ने लिफ्ट देने के बहाने रोका और उनके सोने के टॉप्स छीनकर फरार हो गए।
इस पर FIR संख्या 38/26 धारा 303(2) BNS के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को शीघ्र अनावरण और गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में टीम गठित हुई। टीम ने घटनास्थल के आसपास और हल्द्वानी क्षेत्र के कई CCTV फुटेज का बारीकी से अध्ययन किया। तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई।
31 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को शक्तिफार्म, सितारगंज (ऊधमसिंहनगर) से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटा गया पीली धातु का टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK06BJ6150 बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
सुजीत दास (27), पुत्र रामजीवन दास, निवासी जेल कैम्प नं.-2, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज।
कुन्दन विश्वास (22), पुत्र लाखन विश्वास, निवासी आजाद वार्ड नं.-1, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, उप-निरीक्षक महेन्द्र राज सिंह, कांस्टेबल मनोज पंत, नरेश परिहार और प्रकाश चन्द्र।




