उत्तराखण्ड
भीमताल-ढूगशील मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 72.36 लाख स्वीकृत, जल्द शुरू होगा सुधारीकरण कार्य
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक में लंबे समय से खराब चल रहे भीमताल-ढूगशील मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। मार्ग के डामरीकरण के लिए शासन ने 72 लाख 36 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत कर शासनादेश जारी कर दिया है।
मोटर मार्ग खराब होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बरसात के दौरान सड़क की स्थिति खराब होने से स्थानीय लोगों की परेशानियां और बढ़ जाती थीं। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर भीमताल विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन स्तर से 72.36 लाख रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
मंत्री कैड़ा ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बरसात समाप्त होने के बाद मोटर मार्ग पर डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर हो और लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। मंत्री ने सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
वहीं, मार्ग के डामरीकरण के लिए बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया है।




