Connect with us

उत्तराखण्ड

काशीपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या का खुलासा, 72 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

200 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज और मोबाइल लोकेशन से पुलिस हत्यारों तक पहुंची, डंपर से हत्या में इस्तेमाल लोहे का हुक बरामद

काशीपुर में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल डंपर और लोहे का हुक भी बरामद किया गया है।
20 अगस्त की सुबह धनौरी पट्टी, रामनगर रोड के किनारे युवती का शव मिला था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान करीब 200 से 250 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। मृतका के मोबाइल नंबर और संदिग्ध लोगों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन भी जांची गई।
जांच में पुलिस को एक डंपर संदिग्ध लगा। CCTV फुटेज में यह डंपर चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड और केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाता दिखाई दिया।

मोबाइल ने खोली हत्या की कड़ी

पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले युवती की मोबाइल लोकेशन चैती मैदान के पास मिली थी। उसने सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, लेकिन तीन मिनट बाद ही बुकिंग कैंसिल हो गई।
बाद में युवती का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में डंपर चालक छोटे को सड़क पर पड़ा मिला। मोबाइल फ्लाइट मोड में था। पुलिस ने मोबाइल की जांच और CCTV फुटेज को आपस में जोड़ते हुए डंपर तक पहुंच बनाई।
जांच में डंपर संख्या UK15CA-1437 संदिग्ध पाया गया। वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर राजू चला रहा था और उसके साथ सुमित भी मौजूद था।
पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

युवती के विरोध करने पर हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी राजू ने पूछताछ में बताया कि वह सुमित के साथ खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहा था। रास्ते में चैती मैदान के पास युवती ने डंपर रुकवाया और उसमें बैठ गई।
कुछ आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और खुद युवती के पास बैठ गया। पुलिस के मुताबिक, राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर कई वार कर दिए।
पुलिस के अनुसार, गंभीर चोट लगने से युवती की डंपर के अंदर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए।

पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल सड़क पर रखने का दावा

पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद युवती का मोबाइल डंपर में ही रह गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया था।
हालांकि CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और दूसरे तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

डंपर से मिला लोहे का हुक और युवती का बैग

23 अगस्त को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर डंपर से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हुक और युवती का बैग बरामद किया गया।
बैग से युवती का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड भी मिले। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधम सिंह नगर, उम्र 39 वर्ष।
सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर, ऊधम सिंह नगर, उम्र 19 वर्ष।
यह सामान हुआ बरामद
डंपर संख्या UK15CA-1437
हत्या में इस्तेमाल लोहे का हुक
मृतका का मोबाइल फोन
मृतका का बैग
आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड
आरोपियों के घटना के समय पहने हुए कपड़े
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन, CDR और अन्य साक्ष्यों की मदद से इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी 72 घंटे में सुलझाई गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page