Connect with us

उत्तराखण्ड

नेचर कनेक्ट प्रोग्राम के तहत मानव भारती स्कूल के छात्रों का सुसवा नदी के प्रदूषण पर जागरूकता दौरा

देहरादून।नेचर कनेक्ट प्रोग्राम के तहत मानव भारती स्कूल के कक्षा सात के 25 छात्र-छात्राओं के एक दल ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, रामगढ़ का दौरा किया और मिड डे मील के दौरान स्थानीय बच्चों के साथ भोजन किया। इस दौरान छात्रों ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और सुसवा नदी के प्रदूषण और उससे हो रहे नुकसान के बारे में जानकारी प्राप्त की।

सुबह 10 बजे, छात्र-छात्राओं का दल मोथरोवाला-दूधली रोड पर स्थित रामगढ़ स्कूल पहुंचा, जिसे उसकी शैक्षणिक गतिविधियों और स्वच्छता में नवाचारों के लिए जाना जाता है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद सिंह सोलंकी ने छात्रों का स्वागत किया और स्कूल की विभिन्न गतिविधियों से उन्हें परिचित कराया। उन्होंने स्कूल की दीवार पत्रिका, कक्षाओं में छोटी लाइब्रेरी, ऑनलाइन क्लासेस, किचन गार्डन और साप्ताहिक गतिविधियों के बोर्ड के बारे में विस्तार से बताया।

प्रधानाध्यापक सोलंकी ने बताया कि विद्यालय में हर शनिवार को बच्चों के कौशल विकास और रचनात्मकता पर विशेष ध्यान दिया जाता है। बच्चों को अपनी कल्पना के अनुसार चित्रकारी करने, किचन गार्डनिंग सीखने और लेखन कार्य करने का मौका मिलता है। इसके अलावा, उन्हें लिफाफे, रस्सी जैसी अन्य सामग्रियां बनाने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

इस दौरे के दौरान, मानव भारती स्कूल और राजकीय प्राथमिक विद्यालय के छात्रों ने एक साथ मिड डे मील का आनंद लिया और भोजन की प्रशंसा की। भोजन के बाद, सभी छात्र सुसवा नदी के किनारे पहुंचे, जहां उन्हें नदी में प्रदूषण के कारणों के बारे में बताया गया। स्थानीय निवासियों कीर्ति सिंह राणा और सीता देवी ने छात्रों को बताया कि किस प्रकार नदी के दूषित पानी से सिंचाई होने के कारण खेती को नुकसान हो रहा है।

सुसवा, जो गंगा की सहायक नदी है, देहरादून की रिस्पना और बिंदाल नदियों से आने वाले प्रदूषित जल और गंदगी से दूषित हो रही है। छात्रों को इस समस्या के प्रति जागरूक किया गया और उनसे आग्रह किया गया कि वे अपने आसपास की नदियों की स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें।

 

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page