Connect with us

उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री ने परेड ग्राउंड में दशहरा महोत्सव में लिया हिस्सा, सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का किया आह्वान

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग कर हजारों की संख्या में उपस्थित जनता को दशहरे की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दशहरे को सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “दशहरा हमें भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन के गुणों की याद दिलाता है और यह सिखाता है कि सच्चाई, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने से बुराई पर हमेशा अच्छाई की ही जीत होती है। रावण का अहंकार और उसकी लंका जलकर खाक हो गई थी, जिससे यह सिद्ध होता है कि अहंकार का अंत निश्चित है।”

मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे इस पर्व पर अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और मानवता की राह पर चलने का संकल्प लें। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन की कठिनाइयों और उनके द्वारा निभाए गए आदर्शों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा, “भगवान श्रीराम ने त्याग, समर्पण, न्याय और करुणा के आदर्शों का पालन किया और विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और वचनों का पालन करते हुए लंका पर विजय प्राप्त की।”

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के रामायण से जुड़े स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि चमोली जिले के द्रोणागिरी पर्वत से भगवान हनुमान संजीवनी लेकर आए थे। ऋषिकेश में भगवान श्रीराम के कुलगुरु वशिष्ठ की तपस्थली स्थित है, जो राज्य की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित करने का कार्य है। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार अयोध्या में उत्तराखंड राज्य अतिथि गृह का निर्माण करेगी और पवलगढ़ वाइल्डलाइफ सेंचुरी का नाम बदलकर “सीतावनी वाइल्डलाइफ सेंचुरी” रखा गया है।

उन्होंने उत्तराखंड की पवित्रता और सांस्कृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार के डेमोग्राफिक बदलाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को हमेशा संरक्षित रखा जाएगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सविता कपूर, संतोष नागपाल, गगन सेठी, नेहा जोशी, पुनीत मित्तल, अशोक वर्मा और कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page