Connect with us

उत्तराखण्ड

रामनगर नगर पालिका में कमिश्नर का औचक निरीक्षण, कई अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

स्टोर का रिकॉर्ड नहीं दिखा पाया पालिका कर्मचारी, पशु बाजार में नियमों की अनदेखी पर मुकदमे के निर्देश

रामनगर, 28 सितंबर 2026।
कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने सोमवार को रामनगर नगर पालिका परिषद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव, स्टोर और पशु बाजार की व्यवस्थाओं में कई कमियां और अनियमितताएं सामने आईं। व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर पालिका कार्यालय के सामने फुटपाथ पर बिना सत्यापन और अनुमति के दुकान संचालित होने तथा अतिक्रमण की स्थिति पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

बंद मिली रोड क्लीनिंग मशीन

निरीक्षण के दौरान रोड क्लीनिंग मशीन बंद मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में इस्तेमाल होने वाली मशीनों और अन्य संसाधनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
कूड़ा निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कचरे की माप-तौल में पारदर्शिता के लिए कांटे पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा। साथ ही कूड़ा और उससे प्राप्त सामग्री के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया का रिकॉर्ड रखने तथा उसकी नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अगस्त माह में प्लास्टिक एवं अन्य मूल्यवान कचरे से संबंधित रसीदें ठेकेदार और पालिका कर्मियों द्वारा प्रस्तुत नहीं की जा सकीं। इस पर मंडलायुक्त ने संबंधित अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए।
बायोमेट्रिक व्यवस्था नहीं होने तक ईओ का वेतन रोकने के निर्देश
सफाई कर्मियों के रहने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं मिलने पर भी मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। मौके पर लेबर इंस्पेक्टर को बुलाकर सफाई ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने कहा कि सफाई कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होती, तब तक नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी का वेतन रोका जाए। इसके लिए उप जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्टोर कीपर नहीं दिखा पाया सामान के वितरण का रिकॉर्ड

नगर पालिका के स्टोर के निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न सामानों के स्टॉक और वितरण से संबंधित अभिलेख मांगे। बताया गया कि स्टोर कीपर विभिन्न सामानों के वितरण का रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर पाया।
इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए स्टॉक एवं वितरण से संबंधित सभी अभिलेखों की जांच कराने और रिकॉर्ड को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी सामग्री के स्टॉक, वितरण और उपयोग का पूरा विवरण अभिलेखों में दर्ज होना चाहिए और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए।

पशु बाजार में भी सामने आईं कई अनियमितताएं

मंडलायुक्त ने रामनगर पशु बाजार का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पिकअप संख्या UK-19-CA-1719 में निर्धारित मानकों के विपरीत एक के स्थान पर तीन पशुओं का परिवहन किए जाने की बात सामने आई। प्रशासन के अनुसार पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी नहीं कराया गया था और आवश्यक अनुमति के बिना परिवहन किए जाने की स्थिति मिली।
मंडलायुक्त ने प्रभारी अधिशासी अधिकारी को संबंधित प्रावधानों और Animal Cruelty Act के तहत नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
पशु बाजार के ठेकेदार गिरीश चंद्र पंत द्वारा खरीद-फरोख्त का रजिस्टर भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा अपने स्टाफ के नाम और संपर्क नंबर भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इन परिस्थितियों को देखते हुए मंडलायुक्त ने पशु बाजार में सामने आई अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

19 सितंबर से पशु बाजार बंद रखने के निर्देश

मंडलायुक्त ने पशु बाजार की व्यवस्थाओं में सुधार होने तक 19 सितंबर से बाजार बंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण, परिवहन के निर्धारित मानकों, खरीद-फरोख्त के अभिलेखों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम को विस्तृत जांच के निर्देश

नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए मंडलायुक्त ने नगर पालिका की सभी व्यवस्थाओं की नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामने आई विभिन्न अनियमितताओं की विस्तृत जांच कराने के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान, कर एवं राजस्व अधीक्षक समेत नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page