Connect with us

इवेंट

वसुधैव कुटुम्बकम् व्याख्यानमाला में बोले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष, शांतिकुंज ज्ञान चेतना की गंगोत्री

हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि वैचारिक पृष्ठभूमि के अंतर्गत हर भारतीय के रगों में वसुधैव कुटुम्बकम् की भाव रचा बसा है। भारत इन दिनों सम्पूर्ण विश्व में एक पृथ्वी, एक परिवार एवं एक भविष्य की दिशा में मानवता के लिए कार्य कर रहा है। भारत की सोच विकास को प्राप्त करना है और साथ ही अपनी विरासत को संभाल कर रखना है। श्री नड्डा हरिद्वार स्थित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित जी-20 की थीम वसुधैव कुटुम्बकम्  विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यानमाला को संबोधित कर रहे थे।

मुख्य अतिथि श्री नड्डा ने कहा कि पूज्य आचार्यश्री जी जैसे विरले लोग हैं, जिन्होंने करोडों लोगों के जीवन में बदलाव के लिए कार्य किया है। आचार्यश्री के सामाजिक आध्यात्मिक आंदोलन हम बदलेंगे युग बदलेगा जैसे आदर्श वाक्य को अपना कर मैंने जीवन में बहुत कुछ पाया है। श्री नड्डा ने कहा कि देवसंस्कृति विश्वविद्यालय में योग, आयुर्वेद आदि विषयों में हो रहे रिचर्स मानवता के विकास की दिशा महत्त्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री ने हम बदलेंगे युग बदलेगा का मंत्र देकर समाज में जो जन जागृति लाने का पुनीत कार्य किया, इसके लिए आने वाली पीढ़ियाँ सदैव उनकी ऋणी रहेंगी। शांतिकुंज ज्ञान चेतना की गंगोत्री है।

उन्होंने कहा कि पूज्य आचार्यश्री ने गायत्री माता व यज्ञ को घर-घर स्थापित करने और सनातन संस्कृति को पुर्नभाषित किया, साथ ही उनके सिद्धांतों पर गायत्री परिवार द्वारा साधना, शिक्षा, स्वावलंबन, महिला सशक्तिकरण, जनशक्ति का संरक्षण और युवाओं को संगठित करने का कार्य किया जा रहा है, यह अतुलनीय है। मुख्यमंत्री ने जी-20 की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। इससे पूर्व देसंविवि के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि एकता, समता, सुचिता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करता है। भारतीय इतिहास को हमारे ऋषियों ने संवारा है। उन्होंने कहा कि हम रहें या न रहें, लेकिन देश हमेशा रहेगा, इसलिए देश के गौरव व उत्थान के लिए हर संभव कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी भाजपा दुष्यंत कुमार गौतम, सांसद- डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सहप्रभारी- रेखा वर्मा, सांसद- नरेश बंसल, सांसद-डॉ कल्पना सैनी, केबीनेट मंत्री-डॉ. धनसिंह रावत, मंत्री- सौरभ बहुगुणा, विधायक  मदन कौशिक, मेयर ऋषिकेश अनिता ममगई सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। 

More in इवेंट

Trending News

संपादक –

नाम: खुशाल सिंह रावत
पता: भवानीगंज, रामनगर (नैनीताल)
दूरभाष: 9837111711
ईमेल: [email protected]

You cannot copy content of this page