उत्तराखण्ड
देहरादून में करोड़ों की जमीन पर फर्जीवाड़ा! बुजुर्ग की जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर बेच डाले प्लॉट, दो गिरफ्तार
देहरादून में भूमि माफियाओं के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। राजपुर रोड स्थित करोड़ों रुपये कीमत की जमीन पर कथित तौर पर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर उसे बेचने का खेल खेला गया। इस मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजपुर रोड स्थित साईं मंदिर के पास रहने वाले बलवंत सिंह ने 7 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर दीपक अग्रवाल और मान देवी ने 120-120 गज के दो प्लॉट दिल्ली के दो खरीदारों को बेच दिए। आरोप है कि इस सौदे के बदले करोड़ों रुपये वसूल लिए गए।
शिकायत के आधार पर राजपुर थाने में धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की तलाश की गई और मंगलवार को राजपुर तिराहे के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 52 वर्षीय दीपक अग्रवाल निवासी आशीर्वाद एंक्लेव, देहरादून और 70 वर्षीय मान देवी निवासी राजपुर रोड, देहरादून के रूप में हुई है।
जमीन खरीदने वालों के लिए बड़ा सबक
यह मामला उन लोगों के लिए भी चेतावनी है जो करोड़ों रुपये की जमीन खरीदते समय केवल दस्तावेज देखकर सौदा कर लेते हैं। फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए जमीन बेचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, ऐसे में किसी भी संपत्ति की खरीद से पहले उसके मूल दस्तावेज, स्वामित्व और सरकारी रिकॉर्ड की गहन जांच बेहद जरूरी है।
अब जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल था या नहीं और ऐसे कितने अन्य सौदे किए गए हैं।




