क्राइम
ब्रेकअप से नाराज़ युवक बना हैवान! 32 सेकेंड में किए 30 चाकू के वार, युवती की दर्दनाक हत्या
मोहाली। पंजाब के मोहाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर ब्रेकअप से नाराज़ एक युवक ने अपनी सहकर्मी युवती पर चाकू से इतने बेरहमी से वार किए कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महज 32 सेकेंड के भीतर युवक ने युवती पर करीब 30 बार चाकू से हमला किया और उसकी सांसों की डोर काट दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया।
घटना मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक्स कंपनी की है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय डिम्पल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी हरजिंदर सिंह (34) उसी कंपनी में काम करता था। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार दोनों एक ही कार्यालय में कार्यरत थे और घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक कथित तौर पर रिश्ते के टूटने से नाराज़ था। इसी गुस्से में उसने कार्यालय के भीतर ही युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही सेकेंड में युवती पर दर्जनों वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिए। गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
हालांकि मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका डिम्पल के परिजनों ने आरोपी के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध या अफेयर की बात को पूरी तरह खारिज कर दिया। परिवार का कहना है कि यह केवल ब्रेकअप का मामला नहीं बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
युवती के शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है। वहीं घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
यह घटना एक बार फिर उन बढ़ती हिंसक मानसिकताओं पर सवाल खड़े करती है, जहां रिश्तों में असहमति या दूरी को कुछ लोग स्वीकार नहीं कर पाते और अपनी सनक में किसी की जिंदगी छीन लेते हैं। किसी भी रिश्ते का अंत दुखद हो सकता है, लेकिन किसी की जान लेने का अधिकार किसी को नहीं देता।




