उत्तराखण्ड
रामनगर: फन रिजॉर्ट में शराबी हंगामा बना बड़ा मामला, 3 पर दो एफआईआर; महिला उपनिरीक्षक से अभद्रता का भी आरोप
रामनगर: फन रिजॉर्ट में शराबी हंगामा बना बड़ा मामला, 3 पर दो एफआईआर; महिला उपनिरीक्षक से अभद्रता का भी आरोप
रामनगर। टेड़ा गांव स्थित कार्बेट फन रिजॉर्ट में सैलानियों के हंगामे का मामला अब और गंभीर हो गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में चंडीगढ़ निवासी अविनाश, गाजियाबाद निवासी कोमल शर्मा और रामनगर भवानीगंज निवासी जिप्सी चालक शमशाद के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। आरोप सिर्फ रिजॉर्ट में हंगामे तक सीमित नहीं रहे, बल्कि अब मामला मारपीट, पुलिस कर्मियों से अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा और महिला उपनिरीक्षक के साथ आपराधिक हमले तक पहुंच गया है।
पुलिस के मुताबिक 24 जून 2026 को डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि टेड़ा गांव स्थित कार्बेट फन रिजॉर्ट में एक गेस्ट के साथ आए दो युवक हंगामा और मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि वहां मौजूद तीनों लोग पुलिस के सामने भी शोर-शराबा करते रहे और शांत नहीं हुए। इसके बाद उन्हें थाने लाया गया।
इस मामले में रिजॉर्ट मैनेजर मुकेश जोशी पुत्र देवी दत्त जोशी, निवासी रानीबाग नैनीताल की तहरीर पर एफआईआर संख्या 199/26 दर्ज की गई है। इस मुकदमे में अविनाश पुत्र इंदर सिंह निवासी सेक्टर-22/67 चंडीगढ़, कोमल शर्मा पुत्री दीपक शर्मा निवासी दिलशाद एक्सटेंशन-2 साहिबाबाद गाजियाबाद और शमशाद पुत्र खलील अहमद निवासी स्टेशन रोड भवानीगंज रामनगर को नामजद किया गया है। इन पर मारपीट, धमकी और विवाद से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है।
इसके बाद मौके पर पहुंची उपनिरीक्षक राजकुमारी की ओर से एक और तहरीर दी गई, जिसके आधार पर एफआईआर संख्या 200/26 दर्ज की गई। इस मुकदमे में आरोप है कि तीनों आरोपियों ने पुलिस कर्मियों के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा डाली और कोमल शर्मा ने होटल मैनेजर के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार जब उपनिरीक्षक राजकुमारी ने स्थिति संभालने की कोशिश की, तभी आरोपी अविनाश ने पीछे से आकर उन पर आपराधिक हमला किया और जबरदस्ती पकड़ने की कोशिश की।
इसी आधार पर पुलिस ने दूसरी एफआईआर में और गंभीर धाराएं जोड़ते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी अविनाश को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि पूरे प्रकरण में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




