उत्तराखण्ड
कुमाऊं विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव की तारीख तय, 29 सितंबर को मतदान
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में 29 सितंबर 2026 को छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से 10 सितंबर 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा तथा श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय टिहरी की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में चुनाव की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को छात्रसंघ निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा, जबकि 1 अक्टूबर 2026 को विश्वविद्यालय छात्र महासंघ निर्वाचन आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन की इस घोषणा के साथ ही छात्रसंघ चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है। चुनाव की तारीख सामने आने के बाद अब छात्र संगठनों और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ने की संभावना है।
विश्वविद्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों एवं महाविद्यालयों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रेस विज्ञप्ति में मीडिया से चुनाव संबंधी सूचना को व्यापक रूप से प्रकाशित एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित करने का अनुरोध किया गया है।




