उत्तराखण्ड
पीएनजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में निर्दलीय नीरज कंडारी की जीत, एबीवीपी तीसरे स्थान पर
रामनगर। पीएनजी राजकीय महाविद्यालय रामनगर के छात्रसंघ चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी नीरज कंडारी ने महज पांच मतों के अंतर से एनएसयूआई प्रत्याशी सूरज रावत को शिकस्त देकर जीत दर्ज की। वहीं अध्यक्ष पद की दौड़ में एबीवीपी प्रत्याशी विशाखा चौहान तीसरे स्थान पर रहीं।
अध्यक्ष पद के त्रिकोणीय मुकाबले में नीरज कंडारी को 738 मत, सूरज रावत को 733 मत, जबकि विशाखा चौहान को 383 मत प्राप्त हुए। इस तरह नीरज कंडारी ने बेहद करीबी मुकाबले में अध्यक्ष पद अपने नाम किया।
महाविद्यालय में मंगलवार को हुए छात्रसंघ चुनाव में कुल 3677 मतदाताओं में से करीब 51.3 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना शुरू होते ही अध्यक्ष पद के परिणाम को लेकर छात्रों और प्रत्याशियों के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आखिरकार पांच मतों के मामूली अंतर ने चुनाव का परिणाम तय कर दिया।
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर ईशा नेगी विजयी
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर ईशा नेगी ने 953 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनकी प्रतिद्वंद्वी यशोदा को 817 मत मिले।
संयुक्त सचिव पद पर नेहा शर्मा की जीत
संयुक्त सचिव पद पर नेहा शर्मा ने 802 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। विनीता रावत को 609 और अमृत कौर को 191 मत मिले।
सांस्कृतिक सचिव पद पर दीपांशु आर्य विजयी
सांस्कृतिक सचिव पद पर दीपांशु आर्य को 827 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। प्रियांशु लखचौरा को 504 तथा साक्षी को 351 मत प्राप्त हुए।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद का परिणाम
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर भुवन जोशी 903 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुए। दूसरे स्थान पर रहे विकास को 750 मत मिले।
वहीं छात्र उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर दीपांशु तथा सृष्टि का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
मालधन कॉलेज में भी घोषित हुए परिणाम
राजकीय महाविद्यालय मालधन में भी छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित किए गए। अध्यक्ष पद पर अभय प्रकाश ने 146 मत प्राप्त कर अपनी प्रतिद्वंद्वी गुनगुन को 61 मतों से पराजित किया।
छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रिया निर्विरोध निर्वाचित हुईं। छात्र उपाध्यक्ष पद पर अर्जुन कुमार ने 138 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने राजकुमार को हराया, जिन्हें 83 मत मिले।
सचिव पद पर हर्ष टम्टा 150 मत प्राप्त कर विजयी रहे। उनकी प्रतिद्वंद्वी अनुष्का को 71 मत मिले।
संयुक्त सचिव पद पर दीक्षा ने 184 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सलोनी को 40 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर प्राची निर्वाचित हुईं। प्राची को 150 और उनकी प्रतिद्वंद्वी सुहानी को 64 मत प्राप्त हुए।
परिणाम घोषित होने के बाद महाविद्यालय प्रशासन द्वारा विजयी प्रत्याशियों को शपथ ग्रहण कराई गई। वहीं विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया।
पीएनजी कॉलेज के अध्यक्ष पद का परिणाम खास तौर पर चर्चा में रहा, क्योंकि तीन प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में जीत और हार का फैसला महज पांच मतों से हुआ।




