मौत
इंस्टाग्राम रील्स से शुरू हुआ प्यार… और खत्म हो गया दो बुजुर्गों की मौत पर!
पानीपत में बहू-ससुराल विवाद ने ली खौफनाक करवट, बहू समेत 4 पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा
हरियाणा के पानीपत से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया की चमक-दमक और पारिवारिक रिश्तों की हकीकत पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। इंस्टाग्राम रील्स पर शुरू हुई मोहब्बत आखिरकार एक ऐसे विवाद में बदल गई, जिसमें एक बुजुर्ग दंपति की जान चली गई। अब इस मामले में बहू स्नेहा और उसके तीन परिजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की FIR दर्ज कर ली गई है।
मृतक राजेश के भाई की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि बहू स्नेहा लगातार अपने सास-ससुर को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। परिवार के भीतर कई महीनों से तनाव चल रहा था, लेकिन बेटा आशीष हर विवाद के दौरान चुप्पी साधे रहा। आरोप है कि इसी तनाव और अपमान से टूटकर राजेश और उनकी पत्नी सुमन ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।
परिजनों का आरोप है कि बहू स्नेहा सोशल मीडिया पर छोटे कपड़े पहनकर रील्स बनाती थी, जिसे लेकर सास-ससुर ने कई बार आपत्ति जताई थी। लेकिन टोकने पर विवाद और बढ़ जाता था। आरोप है कि बहू का व्यवहार इतना आक्रामक हो गया था कि बुजुर्ग दंपति मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके थे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह रिश्ता इंस्टाग्राम की रील्स से शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि आशीष इंस्टाग्राम पर स्नेहा की रील्स देखता था और वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदली और फिर जनवरी 2025 में दोनों परिवारों की सहमति से धूमधाम से शादी कर दी गई। लेकिन शादी के कुछ ही महीनों बाद घर का माहौल ऐसा बिगड़ा कि मामला दो मौतों तक पहुंच गया।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
FIR दर्ज होने के बाद इलाके में भी इस घटना को लेकर भारी चर्चा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सोशल मीडिया की दिखावटी दुनिया अब परिवारों की नींव तक हिला रही है? और क्या रिश्तों में संवाद खत्म होने की कीमत अब जान देकर चुकानी पड़ रही है?




