उत्तराखण्ड
रामनगर ARTO कार्यालय को मिला अपना सरकारी भवन, 12 अक्टूबर को CM धामी कर सकते हैं उद्घाटन
रामनगर। शंकरपुर स्थित किराये के भवन में संचालित हो रहा रामनगर का सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (ARTO) अब जल्द ही अपने नए सरकारी भवन में शिफ्ट होने जा रहा है। सांवल्दे में ARTO कार्यालय के लिए नवनिर्मित भवन बनकर तैयार हो चुका है और अब इसके उद्घाटन की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामनगर पहुंचकर ARTO कार्यालय के नए भवन का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
सांवल्दे में तैयार हुआ नया भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जा रहा है। कार्यालय के नए भवन में शिफ्ट होने के बाद वाहन पंजीकरण, लाइसेंस, परमिट समेत परिवहन विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि रामनगर का ARTO कार्यालय शंकरपुर में किराये के भवन से संचालित हो रहा था। अब सरकारी भवन मिलने से विभाग को अपना स्थायी ठिकाना मिल जाएगा। 12 अक्टूबर को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर विभागीय स्तर पर तैयारियां तेज होने की चर्चा है।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री धामी स्वयं सांवल्दे पहुंचकर रामनगर को नए ARTO कार्यालय भवन की सौगात देंगे।




