उत्तराखण्ड
चार महीने पहले हुई थी शादी, नैनीताल घूमने निकला नवविवाहित जोड़ा… रामनगर में हादसे ने छीन ली जिंदगी
रामनगर। चार महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे यतीश यादव और उनकी पत्नी शीतल नई जिंदगी के खूबसूरत पलों को यादगार बनाने नैनीताल घूमने निकले थे। लेकिन उनका यह सफर रामनगर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद जिंदगी का सबसे दर्दनाक मोड़ बन गया। पीरूमदारा क्षेत्र में स्कॉर्पियो और 22 टायरा डंपर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 24 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसा 2 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ नई काली स्कॉर्पियो से काशीपुर होते हुए रामनगर और फिर नैनीताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर HR38AC 4554 से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उन्हें बेहतर उपचार के लिए दिल्ली-एनसीआर के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया।
राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे यतीश
हादसे में जान गंवाने वाले यतीश यादव ग्राम शाहपुर बमेठा, थाना वेव सिटी, गाजियाबाद के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वह राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे और वर्ष 2021 में एक प्रतियोगिता में विजेता भी रहे थे। वर्तमान में वह एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाते थे। उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं।
पिता ने लगाया डंपर चालक पर गंभीर आरोप
हादसे की सूचना मिलते ही यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया कि डंपर चालक तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए गलत दिशा में आया और इसी दौरान उनके बेटे की स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर हादसे के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
चार महीने में बदल गई जिंदगी
20 अप्रैल 2026 को यतीश और शीतल ने शादी कर एक नई जिंदगी की शुरुआत की थी। शादी को अभी महज चार महीने ही हुए थे। दोनों नैनीताल घूमने और साथ में कुछ यादगार पल बिताने निकले थे, लेकिन रामनगर में हुआ हादसा उनकी जिंदगी पर ऐसा जख्म छोड़ गया, जिसे परिवार शायद कभी नहीं भूल पाएगा।
एक तरफ अस्पताल में शीतल जिंदगी की जंग लड़ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ जिस घर में चार महीने पहले शादी की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा है।




